Saturday, September 19, 2026
HomeBiharअतरी थाना प्रभारी पर कार्रवाई की मांग, शिव गौरी महादेव स्थान पर...

अतरी थाना प्रभारी पर कार्रवाई की मांग, शिव गौरी महादेव स्थान पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल

निमचक बथानी। अतरी थाना प्रभारी की कार्रवाई को लेकर निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग को लेकर मोहड़ा प्रखंड के शुक्रवार से सेवतर स्थित शिव गौरी महादेव स्थान पर 18 सितंबर से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल एवं शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन शुरू करने की घोषणा की गई है। भूख हड़ताल से पहले इस संबंध में अनुमंडल कार्यालय में एडीपीओ को आवेदन देकर मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।

सेवतर निवासी बैजू यादव उर्फ रोहित कुमार ने आवेदन में आरोप लगाया है कि उन्हें बिना किसी स्पष्ट केस के थाना में बैठाया गया तथा मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। उन्होंने अतरी थाना प्रभारी की कार्यशैली की जांच कराने की भी मांग की है।

आवेदन में अकबरपुर थाना, नवादा से जुड़े केस संख्या 560/24 का उल्लेख करते हुए संबंधित आरोपों की जांच की मांग की गई है। साथ ही अतरी क्षेत्र में कथित अवैध बालू उठाव एवं परिवहन को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

आवेदन में कहा गया है कि पूर्व में अधिकारियों के समक्ष अवैध बालू उठाव सहित विभिन्न मामलों की शिकायत की गई थी। अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच, निर्दोष लोगों पर दर्ज मामलों की समीक्षा तथा जांच में दोषी पाए जाने वालों पर कानून के अनुसार कार्रवाई की मांग की है।

बैजू यादव ने कहा कि मांगों को शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से अधिकारियों के समक्ष रखा जा रहा है। इसी क्रम में 18 सितंबर से शिव गौरी महादेव स्थान पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल एवं धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

ग्रामीणों की प्रमुख मांगों में अतरी थाना की कार्रवाई की उच्चस्तरीय जांच, बैजू यादव को कथित रूप से थाने में बैठाए जाने की जांच, अवैध बालू उठाव की जांच तथा निर्दोष लोगों पर दर्ज मामलों की निष्पक्ष समीक्षा शामिल है।

Most Popular

error: Content is protected !!