बेलागंज।खाद की बिक्री में निर्धारित दर से अधिक राशि लिए जाने की शिकायत मिलने पर प्रखंड प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए किसान को राहत पहुंचाई। मामला बेलागंज क्षेत्र स्थित बेला खाद भंडार से जुड़ा है, जहां खाद खरीदने पहुंचे किसान से निर्धारित मूल्य से अधिक राशि लिए जाने की शिकायत प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार राय को मिली। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ स्वयं खाद दुकान पर पहुंचे और मामले की जांच की। जांच के दौरान अधिक राशि लिए जाने की बात सामने आने पर बीडीओ ने तत्काल दुकानदार को किसान से ली गई अतिरिक्त राशि वापस करने का निर्देश दिया। इसके बाद किसान को 110 रुपये वापस कराए गए। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से किसान को राहत मिली और खाद विक्रेताओं के बीच भी निर्धारित दर पर ही खाद बेचने का स्पष्ट संदेश गया। स्थानीय किसानों का कहना है कि खाद और अन्य कृषि सामग्री की खरीदारी के समय निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूले जाने की शिकायतें अक्सर सामने आती रहती हैं। ऐसे में प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा शिकायत मिलते ही स्वयं मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करना किसानों के हित में महत्वपूर्ण कदम है। बीडीओ डॉ. संजय कुमार राय की इस पहल की क्षेत्र में किसानों और स्थानीय लोगों द्वारा खूब सराहना की जा रही है। किसानों ने कहा कि यदि प्रशासन इसी तरह शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करता रहे तो खाद की कालाबाजारी और मनमानी कीमत वसूली पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकता है।
प्रशासन की ओर से किसानों से भी अपील की गई है कि खाद खरीदते समय निर्धारित मूल्य की जानकारी रखें और यदि किसी दुकानदार द्वारा अधिक राशि की मांग की जाती है तो इसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों से करें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके। वहीं संबधित खाद दुकानदार को स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया।






