बेलागंज।सोशल मीडिया पर कथित हथियार के साथ वीडियो वायरल होने के बाद चिरैला पंचायत के मुखिया जितेंद्र यादव की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। पिछले चार-पांच दिनों से प्रसारित हो रहे इस वीडियो को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। मामले को गंभीरता से लेते हुए बेलागंज थाना की पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेकर प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस अब वीडियो की सत्यता की जांच के साथ मामले के सभी पहलुओं को खंगाल रही है।वायरल वीडियो में चिरैला पंचायत के मुखिया जितेंद्र यादव के कथित तौर पर हथियार के साथ नजर आने की बात सामने आ रही है। हालांकि, वीडियो में दिख रहे व्यक्ति की पहचान, हथियार की प्रकृति और उसकी वैधता को लेकर पुलिस की जांच अभी जारी है। हिंदुस्तान अखबार वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई से मामला चर्चा में आ गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वायरल वीडियो वास्तविक है या उसमें किसी तरह की छेड़छाड़ की गई है। साथ ही, वीडियो में दिख रहे हथियार के लाइसेंस और उससे जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। इस संबंध में बेलागंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के पास अवैध हथियार रखना कानूनन अपराध है। जांच में यदि संबंधित व्यक्ति के खिलाफ अवैध हथियार रखने या अन्य किसी कानूनी उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस जांच के निष्कर्ष का इंतजार है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
