Thursday, September 17, 2026
HomeBiharदखिनगांव बाईपास सड़क किनारे तेज रफ्तार एंबुलेंस पलटी, सात घायल; दो की...

दखिनगांव बाईपास सड़क किनारे तेज रफ्तार एंबुलेंस पलटी, सात घायल; दो की हालत गंभीर

वजीरगंज।गया-राजगीर राष्ट्रीय उच्च मार्ग-82 पर वजीरगंज थाना क्षेत्र के दखिनगांव बाईपास के समीप गुरुवार को तेज रफ्तार एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में एंबुलेंस में सवार छह लोगों के अलावा सड़क किनारे मौजूद एक व्यक्ति समेत सात लोग घायल हो गए। दुर्घटना में महिला समेत दो लोगों की स्थिति गंभीर बताई गई है।जानकारी के अनुसार एंबुलेंस गया से मोहड़ा प्रखंड स्थित करमचक जा रही थी। जिसमें छह लोग सवार थे और एक शव भी रखा हुआ था। दखिनगांव बाईपास  के समीप अचानक एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे शौच कर रहे विपुल सिंह को टक्कर मारते हुए पलट गई। एंबुलेंस कई बार लुढ़कने के बाद चारों चक्के ऊपर होकर रुक गई।हादसे में प्रमोद राजवंशी, रिंकू कुमारी, कार्तिक राजवंशी, मालो देवी, शीला देवी एवं बिंदालाल घायल हो गए। सभी अतरी थाना क्षेत्र के करमचक गांव के निवासी बताए गए हैं। वहीं कुर्किहार निवासी विपुल सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना की जानकारी मिलते ही एएसआई  प्रीतम कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वजीरगंज पहुंचाया। चिकित्सक डॉ. नंदलाल प्रसाद ने प्राथमिक उपचार के बाद शीला देवी और विपुल सिंह को मगध मेडिकल कॉलेज गया रेफर कर दिया। अन्य घायलों को उपचार के बाद घर भेज दिया गया। पुलिस घटना की छानबीन में जुटी हैं |

Most Popular

error: Content is protected !!