बेलागंज।आज कॉलेज परिसर में लगाए गए ये पौधे आने वाले वर्षों में जब पेड़ बनेंगे, तब शायद यहां पढ़ने वाले कई विद्यार्थी अपने कॉलेज की इस हरियाली को देखकर पुरानी यादों को ताजा करेंगे। उक्त बातें शुक्रवार को बेलागंज के एक निजी महाविद्यालय में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान एसएसबी के उप कमांडेंट रवि शेखर झा ने कही। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और वातावरण में फैल रहे प्रदूषण से बचाव के लिए एक मात्र उपाय पौधारोपण है। ताकि आने वाले भविष्य में दूषित वातावरण के प्रभाव से बचा जा सके।
शुक्रवार को बेलागंज के एक निजी महाविद्यालय में एसएसबी के तत्वावधान में व्यापक पैमाने पर पौधारोपण किया गया। सशस्त्र सीमा बल की ओर से चलाए गए पौधारोपण अभियान में कॉलेज परिसर में लगभग तीन सौ फलदार और छायादार वृक्ष के पौधे लगाए गए। जहां विद्यार्थियों ने सिर्फ पौधे लगाने का काम नहीं किया, बल्कि उन्हें बड़ा करने और सुरक्षित रखने का संकल्प भी लिया। एसएसबी के अधिकारी रवि शेखर झा ने कहा कि अभियान का उद्देश्य महाविद्यालय परिसर को हराभरा बनाने के साथ साथ विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी से जोड़ना है। पौधारोपण के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और लगाए गए पौधों की नियमित सिंचाई तथा देखभाल करने का संकल्प लिया। विद्यार्थियों ने कहा कि पौधे लगाना तभी सार्थक होगा, जब उन्हें पेड़ बनने तक सुरक्षित रखा जाए। बताते चले कि एसएसबी के उप महानिरीक्षक श्री मानवेंद्र, क्षेत्रक मुख्यालय, गया के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व उप कमांडेंट रवि शेखर झा ने किया। एसएसबी अधिकारियों एवं जवानों ने विद्यार्थियों के साथ मिलकर कॉलेज परिसर में फलदार और छायादार वृक्ष के पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर कॉलेज के सचिव गोलू कुमार, प्रधानाचार्य नीतीश कुमार सहित अन्य शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। वहीं एसएसबी क्षेत्रक मुख्यालय गया के शाखा प्रभारी सहायक उप निरीक्षक देवानंद सहित अन्य लोगों ने भी पौधारोपण में भाग लिया। पौधों की जिम्मेदारी लेने का उनका संकल्प यह संदेश देता दिखा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन पौधे लगाने का अभियान नहीं, बल्कि वर्षों तक उसे सींचने और बचाने की जिम्मेदारी है।
