Saturday, March 14, 2026
HomeBiharबुनियादगंज थाना परिसर में एसएसपी का जनता से सीधा संवाद

बुनियादगंज थाना परिसर में एसएसपी का जनता से सीधा संवाद

मानपुर की समस्या पर हुई खुलकर चर्चा

मानपुर।बुनियादगंज थाना परिसर में गुरुवार को जनता से सीधा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें वरीय पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार ने स्वयं आम लोगों और जनप्रतिनिधियों की समस्याएं सुनीं। संवाद कार्यक्रम के दौरान मानपुर क्षेत्र से जुड़ी कई जटिल और गंभीर समस्याएं सामने आईं, जिन्हें एसएसपी ने एक-एक कर गंभीरता से सुना और संज्ञान में लिया।
जनता द्वारा मानपुर जंक्शन के पास नियमित पेट्रोलिंग नहीं होने की समस्या उठाई गई। वहीं गेरे रेलवे ओवर ब्रिज पर लाइट नहीं जलने के कारण लूट की घटनाओं की आशंका और पूर्व में हुई वारदातों की जानकारी दी गई। इसके अलावा झूठे केस में फंसाने से जुड़े मामलों को भी संवाद के दौरान एसएसपी के समक्ष रखा गया।
मानपुर बाजार में ऑटो और टोटो चालकों द्वारा मनमाने ढंग से वाहन खड़ा करने से हो रही ट्रैफिक समस्या को लेकर लोगों ने नाराजगी जताई और नियमित गश्ती की मांग की। वर्ष 2022 में कुंदन कुमार की छत पर गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने का मुद्दा भी उठाया गया। मृतक के बड़े भाई अरविंद कुमार ने इस मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया।
जनप्रतिनिधियों एवं शांति समिति के अध्यक्ष सहित सदस्यों ने मानपुर के संवेदनशील इलाकों में रात के समय विशेष गश्ती, ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और टीओपी (ट्रैफिक आउट पोस्ट) की स्थापना की मांग रखी।
मौके पर उपस्थित वरीय पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार ने कहा कि जनता और जनप्रतिनिधियों द्वारा रखी गई सभी समस्याओं को नोट किया गया है। ट्रैफिक व्यवस्था, लंबित मामलों, झूठे केस और सुरक्षा से जुड़े विषयों का गंभीरता से निष्पादन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता से संवाद का यह कार्यक्रम हर सप्ताह दो थानों में आयोजित किया जाएगा, ताकि आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो सके। मौके पर उपस्थित एसडीपीओ सुनील कुमार पांडे, मुफस्सिल एवं बुनियादगंज थानाध्यक्ष, कपिल प्रसाद सिन्हा, बलदेव प्रसाद, जिप सदस्य भोला चौधरी, रणजीत सिंह, अभिनाश  सिंह, मुखिया हिप्पी सिंह, अखिलेश यादव, सुरेश मांझी सहित कई लोग मौजूद रहे।

Most Popular

error: Content is protected !!