Monday, September 14, 2026
HomeBiharमगध के गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा लेकर बिहार को आगे बढ़ाएं :...

मगध के गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा लेकर बिहार को आगे बढ़ाएं : आईजी विकास वैभव

टिकारी (गया)। मगध रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) विकास वैभव ने कहा कि मगध की ऐतिहासिक विरासत, शक्ति और ज्ञान की परंपरा आज भी समाज को नई दिशा देने की क्षमता रखती है। उन्होंने युवाओं से अपने इतिहास को जानने, स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग करने और बिहार के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

टिकारी के ऐतिहासिक नगर भवन में आयोजित संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आईजी विकास वैभव ने कहा कि मगध भारत की प्राचीन सभ्यता का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। यह क्षेत्र केवल इतिहास का विषय नहीं, बल्कि वर्तमान और भविष्य के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि प्राचीन काल में मगध अपनी मजबूत सैन्य शक्ति, सुशासन और सांस्कृतिक समृद्धि के कारण विश्वभर में प्रसिद्ध था।

उन्होंने बताया कि इतिहास में मगध की विशाल सेना का उल्लेख मिलता है, जिसमें लाखों सैनिकों के साथ बड़ी संख्या में घुड़सवार, हाथी और रथ शामिल थे। महाभारत समेत कई ऐतिहासिक ग्रंथों में मगध के पराक्रम और वैभव का वर्णन मिलता है। नंद वंश का उदय भी इसी धरती से हुआ था, जिसने भारतीय इतिहास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

आईजी ने टिकारी की ऐतिहासिक पहचान का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां की नगरपालिका बिहार की सबसे पुरानी नगरपालिकाओं में गिनी जाती है। उन्होंने लोगों से अपनी विरासत को सहेजने और उस पर गर्व करने की अपील की।

बिहार की वर्तमान परिस्थितियों पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य की बड़ी युवा आबादी इसकी सबसे बड़ी पूंजी है। यदि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं तो बिहार तेजी से विकास की नई ऊंचाइयों को छू सकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि व्यक्ति को आत्मनिर्भर और सक्षम बनाना है।

विकास वैभव ने युवाओं को उद्यमिता की ओर बढ़ने की सलाह देते हुए कहा कि रोजगार पाने के साथ-साथ रोजगार देने की सोच भी विकसित करनी होगी। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों और संभावनाओं का उपयोग कर नए अवसर तैयार किए जा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि समाज और राज्य के विकास के लिए जाति एवं संप्रदाय से ऊपर उठकर सामूहिक प्रयास की जरूरत है। सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व विकास और नवाचार की भावना ही बिहार को प्रगति के मार्ग पर आगे ले जा सकती है। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने लोगों से मगध और बिहार के सर्वांगीण विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।

Most Popular

error: Content is protected !!