Sunday, August 23, 2026
HomeBiharशराब बरामदगी में बेहतर कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम सम्मानित

शराब बरामदगी में बेहतर कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम सम्मानित

बेलागंज। चाकंद थाना क्षेत्र के देशीन बिगहा गांव के समीप बीते दिनों पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामदगी के बाद कार्रवाई में शामिल पुलिस अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को थाना परिसर में सम्मानित किया गया। शराब तस्करी के खिलाफ बेहतर कार्रवाई करने और मामले के सफल उद्भेदन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली टीम के सदस्यों का थाना अध्यक्ष शिवम कुमार ने उत्साहवर्धन किया।
थाना अध्यक्ष ने टीम में शामिल करीब आधा दर्जन पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को उनके बेहतर कार्य के लिए सम्मानित किया। सम्मान के दौरान प्रत्येक कर्मी को प्रोत्साहन स्वरूप 1100 रुपये नकद, अंगवस्त्र और डायरी प्रदान की गई। थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों को आगे भी इसी तरह कर्तव्य के प्रति तत्परता और सक्रियता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। थाना अध्यक्ष शिवम कुमार ने कहा कि पुलिस टीम द्वारा शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। ऐसे मामलों में पुलिसकर्मियों की सक्रियता और टीम भावना के कारण ही शराब तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि बेहतर कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किए जाने से उनका मनोबल बढ़ता है और अन्य पुलिसकर्मियों को भी अपने दायित्वों का बेहतर तरीके से निर्वहन करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने टीम के सभी सदस्यों की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि चाकंद थाना क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस की ओर से शराब के धंधे में शामिल लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।सम्मान समारोह के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मियों में उत्साह का माहौल रहा। पुलिसकर्मियों ने भी थाना अध्यक्ष द्वारा किए गए सम्मान के प्रति आभार जताते हुए भविष्य में और बेहतर कार्य करने का भरोसा दिलाया।

Most Popular

error: Content is protected !!