वजीरगंज । आरोग्य गुरु राष्ट्रीय हिंदी मासिक स्वास्थ्य पत्रिका के तत्वावधान में बिहारशरीफ के दीपनगर स्थित एनएचवी मैरिज हॉल में आयोजित ‘बिहार के गौरव 2026’ सम्मान समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में बिहार के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे लगभग 100 प्रतिभाशाली व्यक्तियों को सम्मानित किया गया ,जिसमें वजीरगंज प्रखंड क्षेत्र के 10 विभूति को भी सम्मानित किय़ा गया |सम्मान पाने वालों में जिला पार्षद डॉ पिंकी कुमारी ,शिक्षक प्रभाकर कुमार ,कमलेश कुमार ,शैलेन्द्र कुमार ,ओम प्रकाश यादव ,समाजसेवी अवधेश शर्मा ,विद्या सागर उर्फ मनोज शर्मा ,फिजियो थिरेपी चिकित्सक डॉ राहुल कुमार , पशु चिकित्सक डॉ कुमार निशांत , संगीतकार संतोष कुमार उर्फ मिथलेश शर्मा आदि शामिल थे |सभी को बिहार के गौरव 2026 सम्मान का मोमेंटो एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किय़ा गया | कार्यक्रम का उद्देश्य समाज, शिक्षा, स्वास्थ्य, कला, संस्कृति, साहित्य, खेल, कृषि, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को प्रोत्साहित करना था।
समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथियों एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम के दौरान सम्मानित प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की गई। उपस्थित लोगों ने सम्मानित व्यक्तित्वों के कार्यों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम के संयोजक सौरभ कुमार ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि बिहार प्रतिभाओं और कर्मयोगियों की भूमि है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास उन लोगों को सम्मानित करना है जो बिना किसी प्रचार-प्रसार के समाज के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। ऐसे व्यक्तित्व समाज के वास्तविक नायक हैं। उन्होंने आगे कहा कि यह सम्मान समारोह केवल सम्मान देने का मंच नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को सकारात्मक दिशा और प्रेरणा देने का एक प्रयास है।
मुख्य अतिथि 38 बिहार बटालियन एनसीसी अधिकारी प्रवीण कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी राज्य की पहचान उसके कर्मठ और समर्पित नागरिकों से होती है। आज जिन प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया है, वे समाज के लिए अनुकरणीय उदाहरण हैं।उन्होंने युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा दी।
विशिष्ट अतिथि राकेश रंजन पांडेय ने कहा कि सम्मान व्यक्ति के मनोबल को बढ़ाता है और उसे और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करता है। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए इसे समाजहित में एक सार्थक पहल बताया।
जिला परिषद गया की सदस्य डॉ. पिंकी कुमारी ने कहा कि बिहार की प्रतिभाएं आज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं। ऐसे आयोजनों से उन्हें और अधिक प्रोत्साहन मिलता है। उन्होंने युवाओं से अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
नायाब सूबेदार महंतेश ने अपने संबोधन में कहा कि समाज में अच्छे कार्य करने वाले लोगों को पहचान दिलाना हम सभी की जिम्मेदारी है। यह सम्मान समारोह प्रेरणादायक व्यक्तित्वों को सामने लाने का उत्कृष्ट माध्यम बना है। उन्होंने कहा कि सकारात्मक कार्यों को बढ़ावा देने से समाज में रचनात्मक परिवर्तन संभव है।
सुमन सागर मासिक पत्रिका के संपादक संजीव कुमार आलोक ने कहा कि सम्मान और प्रोत्साहन किसी भी प्रतिभा के विकास के लिए आवश्यक है। ऐसे आयोजनों से समाज में सेवा, समर्पण और उत्कृष्टता की भावना मजबूत होती है।उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए पूरी टीम को बधाई दी।
कार्यक्रम का संचालन प्रसिद्ध उद्घोषक नवनीत कृष्ण एवं शाने अली खान ने प्रभावशाली ढंग से किया। वहीं जूनियर शाहरुख खान की शानदार प्रस्तुति कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही, जिसने उपस्थित लोगों का भरपूर मनोरंजन किया और खूब तालियां बटोरीं।
समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षाविद, चिकित्सक, समाजसेवी, पत्रकार, कलाकार, युवा एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह, सम्मान और प्रेरणा का माहौल बना रहा। अंत में अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समारोह का सफल समापन किया गया।
