सीयूएसबी के खेल समिति द्वारा दीक्षारंभ कार्यक्रम के अंतर्गत नए छात्रों के लिए कार्यशाला का आयोजन*

गया।दक्षिण बिहार केन्द्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) के  खेल समिति द्वारा दीक्षारंभ कार्यक्रम के अंतर्गत नए छात्रों के लिए कार्यशाला का आयोजन किया गया | जन सम्पर्क पदाधिकारी (पीआरओ) मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह के मार्गदर्शन एवं खेल समिति के चेयरमैन प्रो. प्रधान पार्थ सारथि के नेतृत्व में मिल्खा सिंह खेल परिसर में दो दिवसीय शारीरिक स्वास्थ्य/दक्षता एवं खेलों हेतु नए छात्रों हेतु कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला के समन्वयक डॉ. गौरव कुमार सिंह (सहायक प्राध्यापक, शारीरिक शिक्षा विभाग), डॉ. पिंटू लाल मंडल (सहायक प्राध्यापक, शारीरिक शिक्षा विभाग) एवं डॉ. जीतेन्द्र प्रताप सिंह सहायक निदेशक, शारीरिक शिक्षा ने नए छात्रों को सम्बोधित किया |

खेल समिति के सदस्यों ने विश्वविद्यालय के कुल 12 संकायों के 26 विभागों में सत्र 2024 -2025 में नामांकित नए  छात्र – छात्राओं हेतु आठ सत्रों में इस कार्यशाला के माध्यम से विश्वविद्यालय परिसर में उपलब्ध खेल सुविधाओं के बारे में बताया | साथ ही छात्रों में शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से चल रहे फिट इंडिया कार्यक्रम के बारे में विस्तार से बताया | समिति द्वारा आयोजित अंतरविभागीय /अंतर संकाय प्रतियोगिताओं एवं अंतर विश्वविद्यालयी प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने हेतु किस प्रकार की तैयारी की आवश्यकता होती है और छात्र इन प्रतियोगिताओं में कैसे प्रतिभाग कर सकते है इन सभी विषयों पर विस्तृत चर्चा की तथा छात्रों का मार्गदर्शन किया।

कार्यशाला के सफल आयोजन पर कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने तथा खेल समिति के चेयरमैन प्रो. प्रधान पार्थ सारथि ने खेल समिति के द्वारा किए गए सफल आयोजन की सराहना की | कुलपति महोदय ने छात्रों से आह्वान किया की वे पढाई के साथ ही खेल एवं योग के माध्यम से स्वयं को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखे तथा भविष्य में देश के विकास में अपना उत्कृष्ट योगदान प्रदान कर सके | उन्होंने खेलेगा भारत-खिलेगा भारत को चरितार्थ करने हेतु समस्त छात्रों को प्रतिदिन कम से कम एक घंटा खेल मैदान में शारीरिक गतिविधि करने के लिए प्रेरित किया।

Trending

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here