पटना। राजधानी पटना में बिजली बिल को लेकर एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। आलमगंज थाना क्षेत्र के गुलजारबाग स्थित जय हिंद गली निवासी कृष्णा प्रसाद सिंह के घरेलू बिजली कनेक्शन पर अचानक करोड़ों रुपये का बकाया दिखने लगा। जब उन्होंने अपना बिजली बिल देखा तो उसमें 2 करोड़ 33 लाख 24 हजार 112 रुपये की राशि दर्ज थी।
इतनी बड़ी रकम का बिल देखकर कृष्णा प्रसाद सिंह स्तब्ध रह गए। परिजनों के अनुसार बिल देखने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे जमीन पर गिर पड़े। घर के लोगों ने तुरंत उन्हें संभाला, पानी पिलाया और दवा दी, जिसके बाद उनकी हालत सामान्य हुई।
घरेलू उपभोक्ता के खाते में करोड़ों रुपये का बिल दिखने की खबर इलाके में चर्चा का विषय बन गई है। परिजन इसे बिजली विभाग की तकनीकी या बिलिंग संबंधी बड़ी त्रुटि मान रहे हैं। मामले के सामने आने के बाद विभागीय कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आम उपभोक्ताओं को सही और पारदर्शी बिल उपलब्ध कराना विभाग की जिम्मेदारी है, ताकि ऐसी घटनाओं से लोगों को मानसिक परेशानी का सामना न करना पड़े। मामले को लेकर उपभोक्ता ने संबंधित अधिकारियों से बिल में सुधार की मांग की है।
