बेलागंज।+2 आज़ाद हाई स्कूल, चाकंद (गया) के प्राचार्य श्री एस. नेयाज़ उद्दीन को झारखंड अंडर-20 बालक राष्ट्रीय फुटबॉल टीम का मुख्य चयनकर्ता नियुक्त किया गया है। इस संबंध में जानकारी झारखंड फुटबॉल एसोसिएशन के महासचिव श्री गुलाम रब्बानी द्वारा विद्यालय के सचिव को पत्र के माध्यम से दी गई।
अंडर-20 बालक टीम के चयन हेतु ट्रायल का आयोजन धनबाद के सिजुआ स्टेडियम में 18 एवं 19 तारीख को किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि श्री नेयाज़ उद्दीन इससे पूर्व बिहार के संतोष ट्रॉफी एवं जूनियर टीम के चयनकर्ता रह चुके हैं। इसके अलावा वे झारखंड की सीनियर महिला राष्ट्रीय टीम तथा जूनियर टीम के चयनकर्ता के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
श्री नेयाज़ उद्दीन एक राष्ट्रीय खिलाड़ी भी रह चुके हैं और भारत की प्रसिद्ध फुटबॉल टीम मोहम्मडन स्पोर्टिंग क्लब, कोलकाता के लिए भी खेल चुके हैं, जो उनकी खेल उपलब्धियों को और अधिक गौरवपूर्ण बनाता है।
श्री नेयाज़ उद्दीन की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर विद्यालय प्रशासन सहित गया जिला के खेल प्रेमियों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
ज्ञात हो कि स्वामी विवेकानंद राष्ट्रीय फुटबॉल चैम्पियनशिप (अंडर-20 बालक) का आयोजन 2 मई से छत्तीसगढ़ में होने जा रहा है, जिसके लिए यह चयन प्रक्रिया आयोजित की जा रही है।

