Thursday, January 23, 2025
HomeUncategorizedगरीबों पर अत्याचार के खिलाफ भाकपा माले का डीएम के समक्ष आक्रोषपूर्ण...

गरीबों पर अत्याचार के खिलाफ भाकपा माले का डीएम के समक्ष आक्रोषपूर्ण प्रदर्शन

इंसाफ की मांग लेकर सड़क पर उतरे सैंकड़ों माले कार्यकर्ता

*16 अक्टूबर से माले का बदलो बिहार न्याय यात्रा– रामबली सिंह यादव*

*अपराधियों का बचाव करती है नीतीश–मोदी सरकार– भाकपा माले*


गया।13 सूत्री मांगों को लेकर आज सैंकड़ों माले कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। लाल झंडा लिए माले कार्यकर्ताओं का जुलूस गांधी मैदान धरना स्थल से निकला जो कचहरी होते हुए समाहरणालय पहुंचा। मार्च का नेतृत्व घोसी से भाकपा माले विधायक रामबली सिंह यादव, माले जिला सचिव निरंजन कुमार, किसान नेता बालेश्वर प्रसाद यादव समेत जिला कमेटी सदस्य कर रहे थे।

इससे पहले जिले भर के माले कार्यकर्ता गांधी मैदान जुटे जहां 2 अक्टूबर से धरना चल रहा था। धरना का समापन शनिवार को डीएम के समक्ष प्रदर्शन से हुआ।

भाकपा माले के 5 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने डीएम की अनुपस्थिति में एडीएम राजीव रंजन से मुलाकात कर 13 सूत्री मांग पत्र का ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में जिला सचिव निरंजन कुमार, बालेश्वर प्रसाद, रवि कुमार, सुदामा राम व सूर्य विलास पासवान शामिल थे। साथ ही शहरी गरीबों के आवास का 1 हजार से अधिक आवेदन भी जिलाधिकारी को दिया गया।

समाहरणालय पर सभा को संबोधित करते हुए घोसी विधायक रामबली सिंह यादव ने कहा कि बीते दिनों गया जिला में एक के बाद एक गरीब दलित महादलित को निशाना बनाया गया है। भूमि विवाद में टिकारी के संजय मांझी का हाथ काट दिया गया। खिजरसराय में मजदूरी मांगने पर सजन मांझी व मोहनपुर में राजकुमार मांझी को पीट-पीटकर हत्या कर दिया गया। इमामगंज, शेरघाटी, बोधगया में नाबालिग बच्चियों का बलात्कार और हत्या समेत आए दिन गरीबों पर हमले की शिकायतें मिलती रहती है। आज तक पीट पीटकर हत्या के एक भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

उन्होंने कहा कि अपराध के खिलाफ भाकपा माले ने 16 से 25 अक्टूबर तक *बदलो बिहार न्याय यात्रा* का ऐलान किया है। मगध प्रमंडल के नवादा से शुरू होकर यात्रा गया, अरवल होकर पटना पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि बिहार के गरीब अब ज़ुल्म अत्याचार बर्दाश्त नहीं करेंगे। अपराधियों को संरक्षण देने वाली सरकार को लेकर लोगों में काफी गुस्सा है।

वहीं जिला सचिव निरंजन कुमार ने कहा कि गया जिला में बड़ी संख्या में गरीब दलित महादलित कई पीढ़ी से बसे हैं जिसका आज तक वास भूमि का पर्चा नहीं दिया गया है। पक्का मकान का सवाल, पर्चाधारियोंं का दखल–कब्जा और बगैर सूचना के पर्चा वाली जमीन पर बेदखली कर सरकारी भवन, मनरेगा के तहत वृक्षारोपण का आदेश स्वीकार नहीं किया जायेगा।

*13 सूत्री मांग*

1. खिजरसराय के सजन मांझी और मोहनपुर के राजकुमार मांझी हत्याकांड के आरोपियों को अविलंब गिरफ्तार किया जाए।
2. बोधगया, बकरौर बाला पर महादलित टोला पर हमला और मारपीट करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए व पीड़ितों पर किया गया झूठा मुकदमा वापस हो।
3. अनुसूचित जाति/ जनजाति के पीड़ित परिवारों को FIR होने के 1 महीने में कल्याण विभाग से मुआवजा और मृतक के परिजन को सरकारी नौकरी दिया जाए।
4. बलात्कार के दोषियों के विरुद्ध स्पीडी ट्रायल चलकर न्यूनतम 3 महीने में सजा सुनिश्चित किया जाए।
5. भूमि संबंधित विवादों का त्वरित निपटारा किया जाए।
6. सभी गरीब भूमिहीन परिवारों को पांच डिसमिल जमीन एवं पक्का मकान दिया जाए।
7. नगर निकाय (गया नगर निगम, टिकारी, बोधगया, शेरघाटी नगर पालिका) के अलग-अलग वार्डों में सरकारी भूमि पर बसे गरीबों को पक्का मकान दिया जाए।
8. बिजली स्मार्ट मीटर पर रोक लगाया जाए सभी गरीब परिवारों को 200 यूनिट बिजली मुफ्त और बकाया बिल माफ किया जाए।
9. सभी पर्चाधारियों का जमीन चिन्हित कर दाखिल खारिज कराया जाए।
10. पर्चे की जमीन पर सरकारी योजना के तहत भवन आदि के निर्माण पर रोक लगाया जाए।
11. मानपुर मौजा शादीपुर में सभी पर्चाधारियों का जमीन नापी कर चिन्हित किया जाए।
12. मानपुर जोड़ा मस्जिद बकसरिया टोला में ईस्ट वेस्ट कॉरिडोर (रेलवे लाइन) के कारण विस्थापित परिवारों को वैकल्पिक पुनर्वास का प्रबंध किया जाए।
13. बगैर तैयारी के चल रहे भूमि सर्वे पर तत्काल रोक लगाया जाए।

RELATED ARTICLES

Most Popular