गया के वाशिंग पिट लाइन पर दुल्हन की तरह सजाया गया था ट्रेन को
गया से देवब्रत मंडल
गया।भारतीय रेल की तरफ से गया वासियों के लिए दीपावली पर्व के पूर्व एक विशेष तोहफा के रूप में मुंबई के लिए सीधी ट्रेन उपलब्ध करा दिया गया है। जिसका विधिवत उद्घाटन कोडरमा स्टेशन से हुआ।
इसके पहले गया जंक्शन से इस ट्रेन को दुल्हन की तरह सजाकर भेजा गया। इसके लिए गया के कैरेज विभाग की टीम द्वारा कैरेज एंड वैगन विभाग के पदाधिकारी अनंत कुमार मिश्रा के नेतृत्व में न्यू कोचिंग कॉम्प्लेक्स(वाशिंग पिटलाइन) पर इस ट्रेन को दुल्हन की तरह सजाया गया। कोडरमा के लिए एमटी(खाली) रेक को कोडरमा के लिए रवाना किया गया। इस मौके पर गया जंक्शन पर विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये रेलमंत्री ने दिखाई हरी झंडी
रेलवे द्वारा जारी एक सूचना के मुताबिक रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव आज दो ट्रेनों की शुरुआत की। जिसमें एक गया-लोकमान्य तिलक टर्मिनल साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन है। जिसका उद्घाटन रेलमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए किया। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि के रूप में क्षेत्रीय सांसद अन्नपूर्णा देवी उपस्थित थीं। धनबाद रेल मंडल के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
आजादी के बाद गया से चलेगी मुंबई के लिए सीधी ट्रेन
आजादी के बाद से गया जंक्शन से एक भी सीधी ट्रेन मुंबई के लिए नहीं चली थी लेकिन 13 अक्टूबर को इसका विधिवत शुभारंभ किया गया है। इसके पहले गया के लोगों के लिए एकमात्र ट्रेन हावड़ा-मुंबई मेल टविकल्प के रूप में है। इस नई ट्रेन के परिचालन शुरू कर दिए जाने के बाद गया सहित मगध प्रमंडल के लोगों को मुंबई जाना आसान हो जाएगा। बता दें कि लोकमान्य तिलक टर्मिनल स्टेशन से मुंबई की दूरी करीब 15 किमी है। ट्रेन द्वारा मुंबई जाने में मात्र 10-15 मिनट का समय लगता है।
प्रत्येक बुधवार को गया से व लोकमान्य तिलक से शुक्रवार को खुलेगी, इन स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन
यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन बुधवार को चला करेगी। जबकि लोकमान्य तिलक टर्मिनल से शुक्रवार को चलेगी। गया जंक्शन से यह ट्रेन लोकमान्य तिलक टर्मिनल स्टेशन के लिए शाम 7:00 बजे खुलेगी। जो गया से खुलने के बाद कोडरमा, हजारीबाग टाउन, मेसरा, रांची, हटिया, राउरकेला, झारसुगुड़ा, राजगढ़, बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, गोंदिया, नागपुर, वर्धा, बंड़ेरा, अंकोला, भुसावल, नागपुर, जलगांव, नासिक और कल्याण स्टेशन रुकते हुए लोकमान्य तिलक टर्मिनल अगले दिन सुबह 05:50 में पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन शुक्रवार को लोकमान्य तिलक टर्मिनल से दोपहर बाद 1 बजकर 15 मिनट पर खुलेगी। जो गया जंक्शन पर रात 10:50 में पहुंचेगी।
गया जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक बिनोद कुमार ने बताया कि गया जंक्शन से यह ट्रेन सुबह 9:30 बजे खुल गई है। जिसका कोडरमा स्टेशन पर विधिवत उद्घाटन का कार्यक्रम निर्धारित था। इस मौके पर गया जंक्शन पर चीफ क्रु कंट्रोलर एस.जेड. हक़, आरपीएफ़ के पोस्ट प्रभारी उपनिरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद, प्रभारी मुख्य वाणिज्य पर्यवेक्षक(सामान्य) रंजीत कुमार आदि सहित अन्य विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।