गया।शनिवार को गया कॉलेज गया के स्नातकोत्तर हिंदी विभाग की ओर से निराला का काव्य व्यक्तित्व विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में मुख्य वक्ता हिंदी विभागध्यक्ष प्रो राम उदय प्रसाद ने अपने वक्तव्य में कहा कि निराला के संघर्षशील युगांतकारी काव्य व्यक्तित्व हम सबों के लिए आज भी प्रासंगिक है। उनका काव्य मानव जीवन के हर पक्ष को उजागर करता है। स्नातक द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों ने निराला के जीवन और साहित्य पर चर्चा करते हुए उनकी रचनाओं का पाठ किया। रचना में सर्वश्रेष्ठ स्थान पाने वाले स्नातक द्वितीय वर्ष के छात्र उत्तम कुमार को कहानी संग्रह की पुस्तक भेंट कर पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर हिंदी विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ प्रियंका कुमारी ने कहा की निराला के काव्य में नारी जीवन के प्रति करुणा और सम्मान का भाव, प्रेम की निश्चल अभिव्यक्ति, प्रकृति के विभिन्न रूपों की भावपूर्ण प्रस्तुति, मानवतावादी दृष्टि,सर्व मंगल की कामना, परमात्मा के प्रति विश्वास, जीवन की नश्वरता का बोध और सौंदर्यानुभूति के साथ-साथ रहस्यानुभूति के अनेक भाव समाहित हैं। संगोष्ठी में डॉ रवि जी, डॉ विपेंद्र कुमार, डॉ जितेंद्र कुमार समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। मंच का संचालन हिंदी विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ सोनू अन्नपूर्णा ने किया।