शेरघाटी। इमामगंज पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में एक आरोपी को मामला दर्ज होने के 12 घंटे के अंदर गिरप्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस संबंध में वरीय पुलिस अधीक्षक आशीष कुमार भारती ने प्रेस रिलीज जारी करते हुए बताया कि इमामगंज थाने में 30 नवंबर 2024 को एक महिला के द्वारा लिखित आवेदन दिया गया कि रात्री में जब ये घर पर अकेली थी तो एक व्यक्ति ने अपने सहयोगयों के साथ इनके घर में घुसकर जबरदस्ती दुष्कर्म किया। इस कांड में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी इमामगंज एवं थाना अध्यक्ष को अविलंब गिरफ्तार करने के लिए निर्देश दिया गया। इस संबंध में इमामगंज थानाध्यक्ष ने कांड संख्या-321/24, धारा- 65(1)/3(5)/333 बी०एन०एस० एवं 4/6 पॉक्सो एक्ट मामला दर्ज करते हुए अनुसंधान प्रारंभ किया। उन्होंने आगे बताया कि इमामगंज पुलिस को असुचना संकलन करने पर ज्ञात हुआ कि इस कांड में संलिप्त एक अभियुक्त सिद्धपुर ग्राम में छुपा हुआ है। प्राप्त सूचना से अवगत कराते हुए इमामगंज पुलिस ने छापेमारी कर डुमरिया मोड़ से एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान इमामगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सिद्धपुर मैगर निवासी मुकेश यादव के रूप में किया गया है। इस कांड में संलिप्त अन्य अभियुक्तों के गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापामारी कर रही है। उन्होंने आगे बताया कि गया पुलिस महिला सुरक्षा हेतु लगातार कार्य कर रही है। इस मामले में प्रभावी वैज्ञानिक अनुसंधान त्वरित गति से कराते हुए आरोप पत्र समर्पित किया जायेगा तथा त्वरित विचारण कराकर दोषी को कड़ी सजा दी जाएगी।