60 महादलित टोलों की बच्चियां होंगी लाभान्वित
वजीरगंज। समग्र सेवा संस्थान के बैनर तले प्रखंड कें दखिनगांव बाईपास स्थित सुखदेव पैलेस में पांच दिवसीय समर कैंप सह बाल सृजन शाला का प्रशिक्षण बुधवार को संपन्न हो गया। यह प्रशिक्षण 7 जून से 11 जून तक चलाया गया।
संस्थान द्वारा गया जिले के तीन प्रखंडों – वजीरगंज, अतरी एवं मोहड़ा के 60 महादलित टोलों में 6 से 14 साल की बच्चियों के लिए शिक्षण केंद्र संचालित किए जाएंगे। स्कूल से ड्रॉप आउट, अनामांकित या पढ़ाई में कमजोर बच्चियों के शैक्षिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास हेतु ये केंद्र स्कूल समय से पूर्व समुदाय की भागीदारी से चलाए जाएंगे।
उक्त शिक्षण केंद्रों की शिक्षिका “दीदियों” की क्षमता संवर्धन हेतु विशेष प्रशिक्षण दिया गया। राष्ट्र सेवा दल के योग्य प्रशिक्षकों सहित अन्य विशेषज्ञों द्वारा खेल, गीत, संगीत, योगा, पेपर क्राफ्ट, पुआल पेंटिंग, बौद्धिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए संस्थान के निदेशक मकेश्वर ने कहा कि बाल सृजन शाला बच्चों के जीवन में सृजनात्मक विकास के साथ बौद्धिक एवं रचनात्मक विकास में मील का पत्थर साबित होगी। यह कैंप उन बच्चों के लिए शिक्षा से पुनः जुड़ने का रोचक माध्यम बनेगा जो किसी कारणवश पढ़ाई से विमुख हो गए थे।
प्रशिक्षण का उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभाकर सिंह ने किया था। इस अवसर पर समाजसेवी पिंकू कुमार, शुकदेव प्रसाद सहित प्रखंड के कई प्रबुद्ध नागरिकों का सहयोग मिला।
प्रशिक्षण में शामिल दीदियों संगीता कुमारी, खुशबू कुमारी, राजनंदनी कुमारी ने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह कैंप निश्चित रूप से बच्चों के जीवन परिवर्तन का सूत्र बनेगा और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ेगा।
