भूमि विवाद में हत्या की आशंका, भतीजी के बयान पर आधा दर्जन नामजद
वजीरगंज |वजीरगंज प्रखंड में अपराधियों ने 50 वर्षीय व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान नवादा जिले के मेसकौर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर पंचायत स्थित सातन बिगहा गांव निवासी महताब खान के रूप में हुई है। वह स्वर्गीय बहादुर खान के पुत्र थे।
बताया गया कि महताब खान तीन भाइयों में अकेले जीवित थे। उनके दोनों भाइयों की कई वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी थी। पूरे परिवार की जिम्मेदारी वही संभाल रहे थे। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार महताब खान गुरुवार शाम घर से निकले थे। देर रात तक नहीं लौटे। शुक्रवार सुबह वजीरगंज के कारी पंचायत अंतर्गत गोविंदपुर के पास सड़क किनारे उनका शव मिला। सिर में गोली लगने के निशान हैं। आशंका है कि अपराधियों ने उन्हें बुलाकर या साथ रहते हुए पीछे से तीन गोलियां मारीं और फरार हो गए।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटनास्थल से पुलिस ने एक बाइक, दो खाली और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पुराने भूमि विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। मृतक की भतीजी इशरद खातून के बयान पर लगभग आधा दर्जन लोगों को नामजद करते हुए हत्या का केस दर्ज किया गया है।
थानाध्यक्ष ने कहा क़ि अभियुक्तों की पहचान कर छापेमारी की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तारी कर मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
ग्रामीणों ने बताया कि महताब खान मिलनसार स्वभाव के थे। उनकी हत्या से इलाके में दहशत और आक्रोश है। लोग जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
