Sunday, June 1, 2025
HomeUncategorizedवजीरगंज में दिनदहाड़े पिता-पुत्र की गोली मारकर हत्या, इलाके में फैली सनसनी...

वजीरगंज में दिनदहाड़े पिता-पुत्र की गोली मारकर हत्या, इलाके में फैली सनसनी
जमीनी विवाद की आशंका

वज़ीरगंज| वजीरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत दखिनगांव में शनिवार की दोपहर करीब 11:30 बजे बदमाशों ने दिनदहाड़े दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतकों में दखिनगांव निवासी अशोक सिंह और उनके 30 वर्षीय पुत्र कुणाल सिंह  के रूप में की गई है। दोनों की हत्या घर के समीप ही की गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने बेहद नजदीक से दोनों को गोली मारी और फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर ग्रामीणों की भीड़ जुटी, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। सूचना मिलते ही वजीरगंज थानाध्यक्ष वेंकटेश्वर ओझा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल को सील कर दिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई:
घटना की जानकारी मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक, गया के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक एवं वजीरगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। साथ ही फॉरेंसिक साइंस लैब टीम एवं तकनीकी विशेषज्ञों को भी साक्ष्य संकलन के लिए मौके पर बुलाया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया जमीनी विवाद का मामला:
पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि हत्या जमीनी विवाद को लेकर की गई है। दोनों मृतक आपस में पिता-पुत्र थे और उनकी हत्या उनके ही रिश्तेदारों द्वारा की गई है।मृतक अशोक सिंह एक किसान थे, वे पांच भाई थे, जिसमें किसी भाई के साथ जमीनी विवाद चल रहा था जबकि अशोक सिंह के एकलौते पुत्र कुणाल सिंह दिल्ली में रहके नौकरी की तैयारी कर रहा था और फिलहाल कुछ दिनों से घर पर आया हुआ था|
पुलिस की विशेष टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि बहुत जल्द इस जघन्य वारदात में संलिप्त अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश:
इस दोहरे हत्याकांड के बाद दखिनगांव सहित वजीरगंज क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने दिनदहाड़े हुई इस नृशंस हत्या को लेकर प्रशासन पर सवाल उठाए हैं और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
थाना में मामला दर्ज, जांच जारी:
वजीरगंज थाना में इस संबंध में  प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं पर गहराई से जांच की जा रही है एवं फिलहाल पुलिस कैम्प कर रही है |

RELATED ARTICLES

Most Popular