बेलागंज।चाकंद थाना क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। थाना प्रभारी शिवम कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में नियमित गश्ती और छापेमारी कर शराब तस्करों पर शिकंजा कसने में जुटी है। इसी क्रम में हाल ही में देसीन बिगहा के समीप कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो बाइकों से करीब 260 लीटर देसी शराब बरामद की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। विभिन्न मार्गों पर निगरानी बढ़ाई गई है तथा संदिग्ध वाहनों की लगातार जांच की जा रही है। पुलिस की सख्ती के कारण शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। हालांकि, क्षेत्र में शराब तस्करी का नेटवर्क पूरी तरह खत्म नहीं हो सका है। पुलिस का मानना है कि तस्कर नए-नए तरीकों और रास्तों का इस्तेमाल कर शराब की खेप पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। इसके बावजूद पुलिस लगातार कार्रवाई कर उनके मंसूबों को नाकाम बना रही है। थाना प्रभारी शिवम कुमार ने कहा कि चाकंद क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। किसी भी कीमत पर शराब तस्करी को बढ़ावा नहीं मिलने दिया जाएगा और इस धंधे में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम लोगों से भी अवैध शराब की सूचना पुलिस को देने की अपील की है।
