बेलागंज। गया-पटना रेलखंड पर नेहालपुर फाटक के समीप ट्रेन से गिरकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान 55 वर्षीय अशोक कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वे पटना स्थित पीएमसीएच में इलाज कराने के बाद ट्रेन से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान नेहालपुर फाटक के पास किसी कारणवश चलती ट्रेन से गिर गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। शुक्रवार दोपहर रेलवे ट्रैक के किनारे शव मिलने की सूचना पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही बेलागंज थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया भेज दिया। पुलिस मृतक के परिजनों और उनके स्थायी पते का पता लगाने में जुटी है। थानाध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन से गिरकर मौत का प्रतीत होता है। मामले की जांच जारी है।
