बेलागंज।बेलागंज प्रखंड के खनेटा गांव में कब्रिस्तान और भारतमाला परियोजना को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद प्रशासनिक पहल के बाद समाप्त हो गया। स्थानीय एवं जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों के हस्तक्षेप तथा ग्रामीणों के साथ हुई वार्ता के बाद सहमति बनी, जिसके तहत ग्रामीणों को कब्रिस्तान के लिए वैकल्पिक भूमि उपलब्ध कराई गई।
शुक्रवार को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुराने कब्रिस्तान को हटाने की प्रक्रिया पूरी की गई। कार्रवाई के दौरान अंचलाधिकारी गजानन मेहता, थानाध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी, अपर थानाध्यक्ष कमलेश पासवान, भारतमाला परियोजना के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात रहे। गौरतलब है कि सड़क निर्माण के दौरान कब्रिस्तान प्रभावित होने की आशंका को लेकर ग्रामीण विरोध कर रहे थे, जिससे परियोजना का कार्य बाधित हो रहा था। अब विवाद समाप्त होने के बाद भारतमाला परियोजना के निर्माण कार्य में तेजी आने की उम्मीद है। प्रशासन ने इसे आपसी सहमति और संवाद से निकला समाधान बताया है।
