गयाजी। गया जंक्शन से पति को चकमा देकर लापता हुई एक विवाहिता को गया रेल थाना पुलिस ने करीब दो माह बाद बरामद कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि विवाहिता अपनी मर्जी से अपने प्रेमी के साथ मुंबई चली गई थी। बरामदगी के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ शुरू कर दी है तथा आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
गया रेल थानाध्यक्ष शिव कुमार यादव ने बताया कि लापता मुन्नी देवी को गया शहर के राय काशीनाथ मोड़ के समीप से बरामद किया गया। पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि वह अपने प्रेमी के साथ मुंबई गई थी। पुलिस के अनुसार, जिस युवक के साथ वह गई थी, वह गया जिले के कोंच थाना क्षेत्र का निवासी है।
जानकारी के अनुसार, यह मामला 6 मई 2026 का है। औरंगाबाद जिले के देवरिया कला क्षेत्र के शिवपुर डेहरी निवासी अंशु कुमार अपनी पत्नी मुन्नी कुमारी के साथ 12382 दिल्ली-हावड़ा पूर्वा एक्सप्रेस से गया जंक्शन पहुंचे थे। ट्रेन से उतरने के बाद दोनों डेल्हा साइड स्थित प्रतीक्षालय में बैठे थे। उन्हें प्लस टू लीला महतो हाई स्कूल जाकर इंटरमीडिएट की पढ़ाई से संबंधित सीएलसी प्राप्त करनी थी।
इसी दौरान मुन्नी कुमारी ने शौचालय जाने की बात कही और प्रतीक्षालय से बाहर निकली, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। पति अंशु कुमार ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की गई, परंतु फोन स्विच ऑफ मिला। इसके बाद परिजनों और रेल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही गया रेल थाना और आरपीएफ की टीम जांच में जुट गई थी। स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में पति-पत्नी प्रतीक्षालय में बैठे दिखाई दिए थे, जबकि बाद में मुन्नी कुमारी को स्टेशन के मुख्य गेट से बाहर निकलते हुए देखा गया था। हालांकि, गेट से बाहर जाने के बाद उसकी गतिविधियों का स्पष्ट सुराग नहीं मिल पाया था।
महिला के अचानक लापता होने से परिजन काफी चिंतित थे। उसके भाई मुकेन्द्र कुमार ने बताया था कि शादी को करीब एक वर्ष ही हुआ था तथा पति-पत्नी के बीच किसी प्रकार के विवाद की जानकारी नहीं थी। मोबाइल बंद होने के कारण परिजनों ने अनहोनी की आशंका भी जताई थी।
हालांकि, पुलिस जांच आगे बढ़ने पर मामला पूरी तरह बदल गया। जांच में प्रेम संबंध की बात सामने आई और पता चला कि महिला अपनी मर्जी से प्रेमी के साथ मुंबई चली गई थी। हाल ही में उसके गया लौटने की सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे बरामद कर लिया।
फिलहाल गया रेल थाना पुलिस महिला के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की कानूनी जांच कर रही है।
