बेलागंज।बेलागंज थाना की पुलिस ने अवैध बालू के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक बालू लदे ट्रैक्टर को जब्त किया है। हालांकि पुलिस की भनक लगते ही ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार होने में सफल रहा। जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि फल्गु नदी से अवैध रूप से बालू का उठाव कर ट्रैक्टर के माध्यम से उसकी ढुलाई की जा रही है। सूचना मिलते ही बेलागंज थाना की पुलिस सक्रिय हुई और बेलागंज–पनारी मार्ग पर वाहन जांच अभियान चलाया। पुलिस को देखते ही चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने अवैध बालू से लदे ट्रैक्टर को जब्त कर थाना परिसर लाया है। मामले की सूचना खनन विभाग को दे दी गई है, ताकि नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके। थानाध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी ने बताया कि अवैध खनन और बालू की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जब्त ट्रैक्टर के संबंध में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है तथा फरार चालक की पहचान कर उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अवैध खनन और परिवहन में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
