Tuesday, July 21, 2026
HomeBiharएक ही रात चार घरों में चोरी, लाखों के जेवरात और नकदी...

एक ही रात चार घरों में चोरी, लाखों के जेवरात और नकदी ले उड़े चोर

कोंच। आंती थाना क्षेत्र में चोरों ने एक ही रात चार घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी की चोरी कर ली। कंचनपुर और घोंघीमठ गांव में हुई इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार कंचनपुर गांव निवासी अरविंद यादव के घर चोर छत के रास्ते अंदर घुस गए। उस समय परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे। बदमाशों ने घर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और छिटकनी को कपड़े के धागे से बांध दिया, ताकि कोई बाहर न निकल सके। इसके बाद चोरों ने बक्सा और गोदरेज का ताला तोड़कर चांदी का कटोरा समेत करीब दो लाख रुपये मूल्य के जेवरात चोरी कर लिए। इसी दौरान परिजनों की नींद खुल गई और शोर मचाने पर चोर सामान लेकर फरार हो गए।

इसके बाद चोरों ने पास के घोंघीमठ गांव में शिव कुमार यादव, कुमारी यादव और परशुराम यादव के घरों में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बताया जाता है कि रात करीब तीन बजे हुई इस घटना में तीनों घरों से लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही आंती थाना प्रभारी दीपक कुमार राव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ितों के आवेदन पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।

एक ही रात में चार घरों में चोरी की घटना से ग्रामीणों में भय और आक्रोश है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने तथा चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

Most Popular

error: Content is protected !!