गया। पूर्व मध्य रेलवे के डीडीयू मंडल अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) गया द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से चोरी के तीन मोबाइल फोन एवं ₹4,000 नकद बरामद किए गए हैं।
आरपीएफ पोस्ट गया, सीपीडीएस टीम, सीआईबी एवं जीआरपी की संयुक्त टीम गया रेलवे स्टेशन परिसर में गश्त एवं आपराधिक गतिविधियों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 2/3 के दिल्ली छोर पर दो व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम पुलिंद कुमार (40 वर्ष), निवासी रोहतास एवं मुन्ना आलम (66 वर्ष), निवासी गया बताया।
तलाशी के दौरान पुलिंद कुमार के पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा मुन्ना आलम के पास से एक टच स्क्रीन मोबाइल फोन एवं ₹4,000 नकद बरामद किया गया। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि मोबाइल फोन गया रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से चोरी किए गए थे।
मौके पर विधिवत जब्ती सूची तैयार कर तीनों मोबाइल फोन एवं नकदी को जब्त कर लिया गया तथा दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर जीआरपी थाना गया को सौंप दिया गया।
आरपीएफ के सहायक उपनिरीक्षक मृत्युंजय कुमार अकेला के लिखित आवेदन पर जीआरपी थाना गया में कांड संख्या 193/2026 दर्ज किया गया है। मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(5) एवं 3(5) के तहत दर्ज किया गया है।
बरामद मोबाइल फोन एवं नकदी की कुल अनुमानित कीमत ₹55,000 बताई गई है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
