बेलागंज। गया जिले में संभावित विरोध-प्रदर्शन को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में शुक्रवार को विधि-व्यवस्था डीएसपी रविप्रकाश सिंह के नेतृत्व में चाकंद थाना क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था का गहन जायजा लेते हुए पुलिस अधिकारियों और जवानों को हर परिस्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान डीएसपी रविप्रकाश सिंह ने संभावित प्रदर्शन और भीड़ प्रबंधन को लेकर की गई तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात सभी पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता, अनुशासन और मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा आम लोगों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। डीएसपी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए, संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए रखी जाए और किसी भी प्रकार की अफवाह फैलने पर तत्काल उसका सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि शांति एवं सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है और किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान चाकंद थानाध्यक्ष शिवम् कुमार ने भी सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित तैयारियों की जानकारी डीएसपी को दी। पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र के प्रमुख मार्गों, सार्वजनिक स्थलों तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का आकलन किया।
इस मौके पर एसआई स्वेता कुमारी, एसआई मणिकांत पासवान, एएसआई दिग्विजय कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में शांति, सौहार्द एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
