बेलागंज। नीट पेपर लीक मामले और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर छात्र संगठनों एवं विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा आहूत बिहार बंद का असर बेलागंज एवं नगर प्रखंड क्षेत्र में देखने को नहीं मिला। शनिवार को पूरे दिन बाजारों में सामान्य दिनों की तरह चहल-पहल रही। सभी दुकानें खुली रहीं, व्यवसायिक गतिविधियां नियमित रूप से संचालित होती रहीं और यातायात व्यवस्था भी पूरी तरह सामान्य रही। कहीं से भी बंद समर्थकों द्वारा सड़क जाम या प्रदर्शन की सूचना नहीं मिली।
हालांकि, पूर्व घोषित बिहार बंद को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और अलर्ट मोड में रहा। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विधि व्यवस्था डीएसपी रविप्रकाश सिंह के नेतृत्व में चंदौती, चाकंद, बेलागंज, मेन और पाई बिगहा थाना की पुलिस के साथ-साथ विशेष पुलिस बल की भी तैनाती की गई थी। संवेदनशील स्थानों, प्रमुख चौक-चौराहों और बाजार क्षेत्रों में लगातार पुलिस गश्ती की गई, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटा जा सके। प्रशासन की सतर्कता के बीच पूरे क्षेत्र में शांति और सौहार्द का माहौल बना रहा। आम लोगों ने बिना किसी परेशानी के अपने दैनिक कार्य किए। ग्रामीण क्षेत्रों के बाजारों में भी कारोबार सामान्य रूप से चलता रहा और जनजीवन पर बंद का कोई विशेष प्रभाव नहीं पड़ा। विधि व्यवस्था डीएसपी रविप्रकाश सिंह ने कहा कि छात्र संगठनों और क्षेत्रीय राजनीतिक दलों ने स्थानीय जनमानस की समस्याओं और आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए संयम का परिचय दिया, जो सराहनीय है। उन्होंने शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने में सहयोग के लिए सभी संगठनों, व्यापारियों और आम नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
