बीडीओ बोले- जरूरतमंदों के बीच सहयोग करना अनुकरणीय पहल
वजीरगंज।गया-राजगीर राष्ट्रीय उच्च मार्ग -82 किनारे स्थित ब्रह्मस्थान परिसर में शुक्रवार को किसानों एवं बुजुर्ग महिलाओं के बीच 650 छातों का वितरण किया गया। वितरण समारोह का उद्घाटन बीडीओ प्रभाकर सिंह ने कुछ किसानों को छाता प्रदान कर किया।
इस मौके पर बीडीओ प्रभाकर सिंह ने कहा कि समाजसेवियों द्वारा अपनी आय का कुछ हिस्सा जरूरतमंद लोगों की मदद में खर्च करना अनुकरणीय पहल है। इससे समाज में सहयोग और सेवा की भावना मजबूत होती है। छाता मिलने के बाद आसपास के गांवों से पहुंचे किसान और बुजुर्ग काफी खुश नजर आए।आयोजक एवं समाजसेवी सह ब्रह्मस्थान मंदिर विकास समिति के मुख्य दाता दिनेश गुप्ता ने कहा कि जरूरतमंदों के बीच छाता वितरण का आयोजन किसी स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि लोगों का आशीर्वाद और श्रद्धा प्राप्त करने के उद्देश्य से किया गया है।
तैलिक साहू समाज के जिलाध्यक्ष अजय साहू एवं समाजसेवी छोटन साव ने बताया कि बीडीओ ने ब्रह्मस्थान परिसर में स्नानागार और शौचालय निर्माण कराने का आश्वासन दिया है। यहां बड़े पैमाने पर शादी-विवाह सहित अन्य सामाजिक आयोजन होते हैं। ऐसे में स्नानागार एवं शौचालय का निर्माण लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित होगा।
कार्यक्रम में सह दाता रिंकी गुप्ता, आकांक्षा, नैतिक सहित दर्जनों लोगों ने सहयोग किया। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं लाभुक मौजूद रहे।
