22 लोगों के लिए गए सैंपल, जांच में डेंगू की पुष्टि नहीं; अधिकारियों ने गांव पहुंचकर की पड़ताल
गयाजी। बाराचट्टी प्रखंड की भलूआ पंचायत अंतर्गत सुदूरवर्ती बड़की चापी गांव में डेंगू की सूचना के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर जांच-पड़ताल की। गांव में पिछले कुछ दिनों के दौरान दो-तीन लोगों की मौत के बाद डेंगू फैलने की अफवाह से ग्रामीणों में चिंता का माहौल था। सूचना मिलने पर बाराचट्टी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पदाधिकारियों और गया से पहुंचे चिकित्सकों ने मामले की जानकारी ली।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने डेंगू की आशंका को देखते हुए करीब 22 लोगों के सैंपल लिए और उनकी जांच की। जांच में किसी भी व्यक्ति में डेंगू की पुष्टि नहीं हुई। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल अस्पताल में जांच कराने की सलाह दी।
जांच के दौरान बीडीओ अभिषेक कुमार, गया जिला मलेरिया प्रभारी डॉ एम ई हक , सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ साबिबुल हक , प्रबंधक राकेश कुमार, प्रमुख प्रतिनिधि जगदीश यादव, पंचायत के मुखिया सुरेंद्र यादव सहित कई लोग मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति की जानकारी भी ली और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की।






