Friday, August 21, 2026
HomeBiharतरवां बाजार में महालक्ष्मी ज्वेलर्स में बड़ी चोरी, 5 लाख के आभूषण...

तरवां बाजार में महालक्ष्मी ज्वेलर्स में बड़ी चोरी, 5 लाख के आभूषण लेकर फरार हुए चोर

वजीरगंज।वजीरगंज प्रखंड अंतर्गत तरवां बाजार स्थित महालक्ष्मी ज्वेलर्स को चोरों ने निशाना बनाते हुए करीब  5 लाख रुपये मूल्य के आभूषणों की चोरी कर ली। घटना बीती रात्रि की बताई जा रही है। चोरी की जानकारी उस समय हुई, जब दुकान संचालक संजीत कुमार, पिता राजेंद्र प्रसाद, निवासी फतेहपुर, शुक्रवार  को करीब 11 बजे दुकान खोलने पहुंचे।
दुकान पर पहुंचते ही उन्होंने देखा कि दुकान का ताला टूटा हुआ है। अंदर जाने पर सामान बिखरा मिला और आभूषण गायब थे। इसके बाद उन्होंने तत्काल इसकी सूचना वजीरगंज थाना पुलिस को दी। दुकानदार ने थाने में आवेदन देकर चोरी हुए आभूषणों की बरामदगी और मामले की जांच की मांग की है।
सूचना मिलते ही वजीरगंज थानाध्यक्ष नीरज कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि दुकान में चोरी की सूचना मिली है। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की है और मामले की छानबीन की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सहित अन्य संभावित सुरागों को खंगाला जा रहा है। जल्द ही चोरों की पहचान कर कार्रवाई करने का प्रयास किया जाएगा।
इधर, तरवां बाजार में ज्वेलर्स की दुकान में चोरी की घटना के बाद आसपास के दुकानदारों में चिंता और दहशत का माहौल है। दुकानदारों ने बाजार में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद ही चोरी हुए आभूषणों और वास्तविक नुकसान का स्पष्ट आकलन सामने आ सकेगा।

Most Popular

error: Content is protected !!