बेलागंज। बेलागंज थाना क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नेउरी बाजार स्थित एक घर से करीब 43 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से अवैध शराब के कारोबार से जुड़े दो लोगों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब विभिन्न ब्रांड की है, जो झारखंड और छत्तीसगढ़ निर्मित बताई जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। विधि व्यवस्था डीएसपी रविप्रकाश सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि नेउरी बाजार निवासी सरोज कुमार अपने घर से अंग्रेजी शराब की अवैध बिक्री कर रहा है। सूचना मिलने के बाद इसकी सत्यता की जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। इसके बाद अपर थानाध्यक्ष कमलेश पासवान और एसआई अनिवेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर नेउरी बाजार स्थित सरोज कुमार के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर में कार्टून और बोरे में छिपाकर रखी गई विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब को जब्त कर लिया। बरामद शराब की कुल मात्रा करीब 43 लीटर बताई गई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से सरोज कुमार के साथ ऋषि कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन-किन स्थानों पर खपाया जाना था। पुलिस शराब के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए थाना क्षेत्र में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। गुप्त सूचना के आधार पर आगे भी छापेमारी कर अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार दोनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






