वजीरगंज।वजीरगंज थाना क्षेत्र के महुएत पंचायत अंतर्गत बुधघरेया गांव में शनिवार की देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई है। 35 वर्षीय नागेंद्र मांझी का शव गांव के एक कुएं में मिला। परिजनों का आरोप है कि गांव के ही कुछ लोगों ने मामूली विवाद में मारपीट कर उनकी हत्या कर दी और शव को कुएं में फेंक दिया।
सूचना मिलते ही रविवार सुबह वजीरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए गया मेडिकल भेज दिया।थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद का लग रहा है। एफएसएल टीम की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
बताया जाता है कि मृतक के छह छोटे-छोटे बच्चे हैं और घटना के समय उसकी पत्नी मायके गई हुई थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।घटना की सूचना पर पंचायत मुखिया संतोष साव और पंचायत समिति सदस्य उषा देवी भी मौके पर पहुंचीं और परिजनों को सांत्वना दी। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।






