Saturday, September 12, 2026
HomeBiharलोको कॉलोनी में रेलकर्मी को सरेआम गोली मारने से दहशत, हमलावर फरार

लोको कॉलोनी में रेलकर्मी को सरेआम गोली मारने से दहशत, हमलावर फरार

गया। शहर के डेल्हा थाना क्षेत्र की लोको कॉलोनी में शनिवार को दिनदहाड़े रेल कर्मचारी को गोली मारने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। बेखौफ अपराधियों ने रेल कर्मचारी लाल बाबू यादव को सरेआम गोली मार दी और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े, जहां लाल बाबू यादव गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े मिले। घटना के बाद कुछ देर के लिए कॉलोनी में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। घायल लाल बाबू यादव लोको कॉलोनी के ही निवासी बताए जाते हैं और भारतीय रेल में कर्मचारी हैं। गोली लगने से वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें तत्काल इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज, अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। इधर, सरेआम गोलीबारी की सूचना मिलते ही डेल्हा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई। हमलावरों की पहचान और वारदात के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस हमले के पीछे आपसी विवाद और पुरानी रंजिश समेत विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हालांकि, गोली मारने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। वारदात के बाद फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमों द्वारा संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। रेल कर्मचारी को भीड़भाड़ वाले इलाके में सरेआम गोली मारे जाने की घटना ने शहर में अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

Most Popular

error: Content is protected !!