वजीरगंज।वजीरगंज थाना क्षेत्र के बिहिआईन गांव से फॉर्म भरने के नाम पर घर से निकली चार नाबालिग लड़कियों को वजीरगंज पुलिस ने महज 24 घंटे के अंदर महाराष्ट्र से सकुशल बरामद कर लिया है।
मामले को लेकर 10 सितंबर को पप्पू राम (पिता-देवशरण राम, ग्राम-बिहिआईन) ने वजीरगंज थाना में आवेदन दिया था। उन्होंने बताया था कि उनकी नाबालिग पुत्री और गांव की तीन अन्य नाबालिग लड़कियां सकरदास नवादा में फॉर्म भरने की बात कहकर घर से निकली थीं, जो वापस नहीं लौटीं।इस संबंध में वजीरगंज थाना कांड संख्या-405/26, दिनांक-10.09.26, धारा-137(2) बी एन एस के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। वरीय पुलिस अधीक्षक, गया के आदेश पर एसडीपीओ वजीरगंज कैम्प के नेतृत्व में डी आई यू टीम, गया के साथ एक विशेष टीम का गठन किया गया।तकनीकी अनुसंधान में सभी लड़कियों का लोकेशन मुंबई के आसपास मिला। इसके बाद गया पुलिस की तकनीकी शाखा और अनुसंधान टीम ने मुंबई पुलिस के सहयोग से त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों नाबालिगों को पालघर जिले के वोलिंज थाना क्षेत्र (महाराष्ट्र) से बरामद कर लिया। बरामद लड़कियों के बयान के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।छापेमारी दल में एसडीपीओ अभिनव कुमार (वजीरगंज कैम्प), थानाध्यक्ष नीरज कुमार, तकनीकी शाखा के धीरेंद्र कुमार, माला कुमारी, हर्षा कुमारी, प्रीतम कुमार, रजनीश चौधरी समेत सिपाही धर्मेन्द्र कुमार और अमन कुमार शामिल थे।वजीरगंज पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।
