गया। ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज ने संगठनात्मक विस्तार और पसमांदा समाज के सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक एवं राजनीतिक सशक्तिकरण की दिशा में कदम उठाते हुए गया जिले के कंडी गांव निवासी मो. शाहजाद शाह को बिहार प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। संगठन के बिहार प्रदेश अध्यक्ष तौकीर अहमद ने 20 अक्टूबर 2026 को नियुक्ति पत्र जारी कर उन्हें यह दायित्व प्रदान किया।
नियुक्ति पत्र में संगठन के प्रति मो. शाहजाद शाह की निष्ठा, सक्रियता, संगठनात्मक क्षमता और पसमांदा समाज के उत्थान के प्रति प्रतिबद्धता को ध्यान में रखते हुए यह जिम्मेदारी सौंपने की बात कही गई है। संगठन ने विश्वास जताया है कि वे पूरी लगन और मेहनत से अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाएंगे।
ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज का उद्देश्य पसमांदा समाज को देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में समान भागीदारी दिलाना, संविधान प्रदत्त अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना तथा शिक्षा, सामाजिक विकास, आर्थिक उन्नति और राजनीतिक सहभागिता को बढ़ावा देना है। संगठन समाज को राष्ट्र की मुख्यधारा से जोड़ते हुए राष्ट्र निर्माण में उसकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कार्यरत है।
मो. शाहजाद शाह की नियुक्ति से गया जिले सहित बिहार के पसमांदा समाज के लोगों में संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
