Tuesday, October 27, 2026
HomeBiharचंदौती जमीन विवाद में पुलिस की कार्रवाई, नौ आरोपित गिरफ्तार

चंदौती जमीन विवाद में पुलिस की कार्रवाई, नौ आरोपित गिरफ्तार

गोलीबारी और मारपीट मामले में एसआईटी गठित, एक आरोपित ने किया आत्मसमर्पण।

गयाजी। जिले के चंदौती थाना क्षेत्र के बालदेव नगर में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट, गोलीबारी और बमबाजी की घटना में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी का गठन किया गया। पुलिस ने अब तक नौ आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपित ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है। पुलिस के अनुसार बीते 24 अक्टूबर को जमीन विवाद की सूचना मिलने पर चंदौती थानाध्यक्ष ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया था। हालांकि, उसी दिन दोपहर करीब दो बजे 40 से 50 लोगों की भीड़ विवादित जमीन पर पहुंच गई और चहारदीवारी निर्माण का विरोध करते हुए तोड़फोड़, गोलीबारी एवं बमबाजी की। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल की जांच की। मौके से दो सुतली बम मिले, जिन्हें बम निरोधक दस्ते की मदद से निष्क्रिय कराया गया।
इस संबंध में चंदौती थाना कांड संख्या 451/26 दर्ज कर विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विधि-व्यवस्था डीएसपी रविप्रकाश सिंह के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई। टीम ने घटनास्थल से प्राप्त वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान कर छापेमारी की। पुलिस ने इस मामले में विशाल कुमार, कुणाल दूबे, छोटू कुमार, साहिल कुमार, सूरज कुमार, बौडिल पासवान और प्रियांशु कुमार समेत सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है। वहीं, रामजी पासवान ने 26 अक्टूबर को न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। इसी दिन रवि कुमार और अनुज कुमार को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही, लोगों से अपील की गई है कि घटना को लेकर किसी भी तरह की भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें।

Most Popular

error: Content is protected !!