शेरघाटी।महाकुंभ से स्नान कर घर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार शेरघाटी थाना क्षेत्र के गोपालपुर पुल पलहत के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में एक ही परिवार के छह लोग घायल हो गए। यह घटना सोमवार दोपहर नेशनल हाईवे-टू पर हुई है।
दुर्घटना के तुरंत बाद शेरघाटी पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को नेशनल अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा संचालित डॉ. एस. समदर्शी अस्पताल चेरकी रोड शेरघाटी में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायल खतरे से बाहर हैं और कुछ घंटों में अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिए जाएंगे। घायल यात्रियों के परिजनों ने बताया कि वे रांची (झारखंड) के एचईसी सोसाइटी के निवासी हैं और प्रयागराज महाकुंभ में स्नान करने के लिए उत्तर प्रदेश गए थे। वापस लौटते समय शेरघाटी शहर के पास गोपालपुर पुल पलहत के समीप उनकी कार का अगला पहिया अचानक ब्लास्ट हो गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे एक पेड़ से जा टकराया। घायलों की पहचान रोहिणी श्रीवास्तव,रूपम श्रीवास्तव,शांभवी श्रीवास्तव,उषा केसरी,अभिषेक केसरी,रामानंद केसरी के रूप में किया गया है। पुलिस एवं अस्पताल सूत्रों के अनुसार इस दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई है। सभी घायलों का इलाज जारी है और वे खतरे से बाहर हैं।