वजीरगंज। नगर पंचायत वजीरगंज के मीरगंज गांव निवासी सह पुनावां पंचायत के पूर्व पैक्स अध्यक्ष राजेश कुमार के घर में बीते रविवार की देर रात चोरों ने भीषण चोरी को अंजाम दिया है। पीड़ित गृहस्वामी राजेश कुमार ने बताया कि वे सपरिवार दूसरे कमरे में सोये हुए थे। चोर घर के पीछे से खिड़की का ग्रील उखाड़कर अन्दर घुसे और गोदरेज एवं अटैची को तोड़कर उसमें रखे लगभग 25 लाख के सोना एवं चांदी के जेवर सहित लगभग 70 हजार रूपये नकद की चोरी कर चंपत हो गये। हमलोग जब सोमवार की सुबह सोकर उठे तो उस कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया तभी मेरा माथा ठनका, घर के पीछे जाकर देखा तो खिड़की में लगा लोहे का ग्रील उखाड़ा हुआ था और खिड़की का दरवाजा खुला हुआ था। उसके बाद कमरे में झांक कर देखा तो चोरी होने की बात पता चली। किसी प्रकार दरवाजा को खोला गया और चोरी की सूचना पुलिस को दी गई।
घटना की सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंची तथा चोरी का जायजा लिया। थानाध्यक्ष वेंकटेश्वर ओझा ने कहा कि हम एफएसएल टीम एवं मोबाईल टावर लोकेशन से चोरी का पर्दाफाश करने का प्रयास कर रहे हैं, साथ हीं डॉग स्क्वाड की टीम ने भी स्थल का मुआयना कर पुलिस को जानकारी दी।
चोरी की घटना सुनते ही सैंकड़ों की संख्या में घर के बाहर ग्रामीण जुट गये तथा पुलिस के कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए लिखित रूप में एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया गया। ग्रामीणों ने कहा कि एक सप्ताह के अंदर अगर पुलिस ने चोरी का पर्दाफाश नहीं किया तो हमलोग आंदोलन करेंगे। थानाध्यक्ष ने आश्वासन देते हुए ग्रामीणों को शांत कराया एवं अन्य कार्रवाई में जुट गये।
फोटो :- वजीरगंज नगर पंचायत अंतर्गत मीरगंज में चोरी के बाद कमरे में बिखरे सामान को दिखाते गृहस्वामी
वजीरगंज में 9 वर्षीय बालक की आहर में डूबकर हुई मौत, बुझ गया घर का इकलौता चिराग
सिटी रिपोर्टर /वजीरगंज। कुर्किहार पंचायत अंतर्गत अरैयाडीह निवासी देवनाथ यादव का 9 वर्षीय पुत्र कल्लू कुमार की मौत गांव के आहर में डूृबने से बीते रविवार की देर रात हो गई। परिजनों व ग्रामीण मिथलेश शर्मा ने बताया कि घर से वह शौच के लिये निकला था, लेकिन वह देर संध्या तक वापस नहीं लौटा, जिसके बाद ग्रामीण उसे ढूंढने निकल पड़े तथा पुलिस को सूचना दी। पुलिस हेल्पलाईन 112 की टीम मौके पर पहुंची तथा कुछ देर बाद चले गये, लेकिन ग्रामीण बच्चे की खोज में जुटे रहे। इसी दरम्यान दर्जनों ग्रामीणों ने आहर में डूबकी लगाई और काफी मशक्कत के बाद लगभग ग्यारह बजे रात्री को उसका शव आहर से बाहर निकाला गया। इसके पिता प्रदेश में रहकर मजदूरी करते हैं, जिन्हें सूचना दे दी गई है, वहीं माता सहीत अन्य परिजनों का रो – रोकर बुरा हाल हो गया है। मृतक कल्लू अपने माता – पिता का इकलौता पुत्र था। सोमवार को घटना की सूचना पर विधानसभा पूर्व प्रत्याशी डॉ0 शशि शेखर पीड़ित परिजनों से मिलकर सांत्वना व सहयोग राशि दी। वहीं शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सुपूर्द कर दिया गया है। ग्रामीणों एवं समाजसेवियों ने प्रशासन से आपदा के तहत मुआवजा देने की मांग की है।












