गयाजी।दक्षिण बिहार केन्द्रीय विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ लॉ एंड गवर्नेंस के अंतर्गत संचालित प्रो बोनो क्लब द्वारा राष्ट्रीय आयकर दिवस के उपलक्ष्य में जीएसटी में हुए बदलावों पर एक विशेष वेबिनार का आयोजन किया गया | कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह के मार्गदर्शन में “समुदाय के लिए विश्वविद्यालय” को दृष्टिगत रखते हुए विधि एवं शासन पीठ के प्रमुख और डीन, प्रो. अशोक कुमार तथा प्रो बोनो क्लब के नोडल अधिकारी डॉ. देव नारायण सिंह के नेतृत्व में यह ऑनलाइन कार्यक्रम आयोजित किया गया। जन सम्पर्क पदाधिकारी (पीआरओ) मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि राष्ट्रीय आयकर दिवस के उपलक्ष्य में यह कार्यक्रम भारत में आयकर लागू होने के 166 वर्षों की याद में मनाया गया । इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय कर प्रणाली के ऐतिहासिक महत्व, आयकर की भूमिका और जीएसटी से संबंधित नवीनतम परिवर्तनों के बारे में जागरूक करना था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में सीए अंकित कुमार, पार्टनर, एकेएचबी एंड एसोसिएट्स और टैक्सेशन विशेषज्ञ ने आयकर से जुड़े विभिन्न पहलुओं से शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं अन्य प्रतिभागियों को अवगत कराया | उन्होंने अपने संबोधन में वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) विषय पर विस्तार से चर्चा करते हुए जीएसटी प्रणाली में हाल ही में किए गए बदलावों और उनके व्यावहारिक प्रभावों पर प्रकाश डाला। सीए अंकित कुमार ने बताया कि कैसे इन सुधारों ने कर प्रणाली को अधिक पारदर्शी और सरल बनाया है। सीए अंकित कुमार के व्याख्यान के पश्चात प्रतिभागियों ने आयकर तथा जीएसटी से जुड़े कई प्रश्न पूछे | कार्यक्रम के अंत में विभाग के छात्र संजीव कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया, जिसमें उन्होंने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और आयोजन टीम का आभार व्यक्त किया गया।












