वजीरगंज। वजीरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बीते एक सप्ताह के अन्दर दो अलग-अलग हत्या के मामले में दो आरोपित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेजा गया। वजीरगंज कैंप डीएसपी सुनिल कुमार पांडेय ने बताया कि उक्त मामलों में त्वरीत कार्रवाई की गई है, जिसमें लगातार अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो रही है। बिहियाइन के आईटीबीपी जवान संजय कुमार की हत्या मामले में पहले दो आरोपित क्रमश: विजय यादव एवं दीपक कुमार को गिरफ्तार को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, अन्य की गिरफ्तारी के लिये पुलिस सभी पैंतरे अपना रही है। इसी क्रम में सोमवार को एक और नामजद आरोपित महेन्द्र यादव के पुत्र 26 वर्षीय संजय कुमार को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावे बीते शनिवार को तरवां के भलुआही में भूमि विवाद को लेकर मारपीट हुई थी, जिसमें 70 वर्षीय जाकिर खान की मौत इलाज के क्रम में एएनएमसीएच में हो गई थी। जिसके बाद मृतक के भगीना फिरोज खान के बयान पर नामजद 13 अभियुक्तों के विरूद्ध मारपीट एवं हत्या का मामला दर्ज किया गया, जिसमें सोमवार को भलुआही निवासी नामजद 31 वर्षीय शमसाद आलम को गिरफ्तार कर लिया गया है एवं अन्य की गिरफ्तारी के लिये छापेमारी की जा रही है। दोनों गिरफ्तार अभियुक्त को जेल भेजा जा रहा है।












