Tuesday, March 3, 2026
HomeBiharडॉक्टर पर फायरिंग मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, रेकी में इस्तेमाल...

डॉक्टर पर फायरिंग मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, रेकी में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी बरामद

गयाजी। शेरघाटी थाना क्षेत्र में डॉक्टर तपेश्वर पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस कांड में शामिल एक अन्य आरोपी राहुल कुमार, निवासी कजरसोत, को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसके पास से रेकी में उपयोग की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

घटना 19 जुलाई को शेखपुरा रोड, शेरघाटी में हुई थी, जब अज्ञात अपराधियों ने डॉक्टर तपेश्वर को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। सूचना मिलते ही शेरघाटी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल चिकित्सक को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा। इसके बाद 20 जुलाई को शेरघाटी थाना कांड संख्या 337/25 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, गया के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी अनुसंधान और आसूचना संकलन के आधार पर राहुल कुमार को गिरफ्तार किया।

इससे पूर्व पुलिस तीन अन्य आरोपियों को भी अवैध हथियार और हमले में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार कर चुकी है। सभी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

फरार अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है।

Most Popular

error: Content is protected !!