शेरघाटी।आमस थाना क्षेत्र के जयरामखाप मोड़ पर बुधवार की देर शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बाइक सवार अपराधियों ने अचानक हमला बोलते हुए गोलीबारी की, जिसमें अरविंद प्रजापति नामक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अरविंद प्रजापति चंडीस्थान बाजार से अपने गांव जयरामखाप लौट रहे थे। इसी दौरान घात लगाए अपराधियों ने उन पर दो राउंड फायरिंग की। गोली लगने से अरविंद सड़क पर गिर पड़े, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की तत्परता से घायल अरविंद को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें गया के मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है और इलाज जारी है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है। स्थानीय लोग और घायल के परिजन काफी डरे हुए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
आमस थानाध्यक्ष पवन कुमार ने बताया कि गोलीबारी की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।












