Sunday, April 26, 2026
HomeBiharवजीरगंज के घुरियावां जोकहरी नदी में डूबे छात्र का शव बरामद, गांव...

वजीरगंज के घुरियावां जोकहरी नदी में डूबे छात्र का शव बरामद, गांव में मातम

वजीरगंज। स्थानीय प्रखंड के  घुरियावां गांव के जोकहरी नदी में बीते गुरूवार की दोपहर एक 12 वर्षीय बच्चा डूब गया था, जिसकी पूरे दिन-रात नदी में तलाश की जाती रही, लेकिन शुक्रवार की सुबह उसका शव बरामद हो सका। मुखिया प्रकाश चौधरी ने बताया कि बच्चा जहां डूबा था वहीं से सुबह अपने आप पानी के सतह पर उतरा गया, जिसे बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया है। बच्चे का शव बरामद होते हीं गांव में कोहराम मच गया।
मृतक सूरज कुमार उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 7वीं कक्षा का छात्र था और उसी गांव के कारू चौधरी का सबसे छोटा पुत्र था, जो विद्यालय से निकलकर नदी की तरफ चला गया था। गुरूवार की पूरी रात ग्रामीणों एवं बच्चे के परिजन पर भारी गुजरी। शव को उतराता देख उसे तुरंत बाहर निकाला गया, जिसके बाद बच्चे के माता-पिता एवं अन्य परिजन महिलाओं ने दहाड़े मारकर रोना शुरू कर दिये, रोते रोते उनका बुरा हाल हो गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जिसके बाद अन्य ग्रामीणों एवं पंचायत मुखिया प्रकाश चौधरी ने परिजन को ढ़ाढ़स बंधाते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिये पुलिस की सहायता से एएनएमसीएच भेजा। मुखिया ने बताया कि अंचल अधिकारी से आपदा के तहत मुआवजा राशि आश्रित परिजन को दिलवाने की बात हुई है। पोस्टमार्टम के बाद उसका अंतिम संस्कार गांव में किया गया।
थानाध्यक्ष वेंकटेश्वर ओझा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सुपूर्द कर दिया गया है, आवेदन मिलने पर अग्रेत्तर कार्रवाई की जायगी।

Most Popular

error: Content is protected !!