स्कूली बच्चों ने पुलिसकर्मियों को बांधी राखी।
बेलागंज।प्रखंड मुख्यालय स्थित किड्जी बेलागंज के बच्चों ने स्थानीय थाने के पुलिसकर्मियों को राखी बांधी। करीब सौ बच्चों के थाना परिसर पंहुचते ही वहां का माहौल थोड़ी देर क लिए पूरी तरह बदल गया। फरियादी और पुलिसकर्मियों को चेहरे पर मुस्कान बिखर गई।
मौके पर मौजूद स्कूल की प्रिंसिपल सोनी कुमारी ने बताया कि इस रक्षा बंधन का उद्देश्य बच्चों को यह बताना है कि हमारे समाज की रक्षा का दायित्व इन्हीं पुलिसकर्मियों पर है। वे समाज के भाई की तरह हम सब की रक्षा करते हैं। बच्चों ने राखी बांधने के साथ ही पुलिसकर्मियों को मिठाई भी खिलाई। थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बच्चों का स्वागत किया।
साथ ही अपने पुलिसकर्मियों से राखी बंधवाने की अपील की। उन्होंने इस पहल की तारीफ की। थानाध्यक्ष ने कहा कि इस तरह की एक्टिविटी से समाज और पुलिस के बीच का संबंध मजबूत होता है। साथ ही बच्चों के मन में भी पुलिसकर्मियों के प्रति नजरिया बदलता है।
राखी बांधने के बाद सभी बच्चों को कॉपी, पेंसिल और चॉकलेट दिए गए। चॉकलेट पाकर बच्चे खुश हो गए। पुलिसकर्मियों को थैंक्यू कहा। इस मौके पर स्कूल की शिक्षिका तन्नू, कोमल, ज्योति समेत कई अभिभावक भी मौजूद रहे।












