वजीरगंज।वजीरगंज थाना क्षेत्र से लूटे गये एक ऑटो को पुलिस ने 24 घंटे के अंदर बरामद कर लिया तथा लूट में शामिल एक आरोपित को भी गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष वेंकटेश्वर ओझा ने बताया कि केनारचट्टी से बीते शुक्रवार की देर रात अपराधियों ने एक ऑटो लूट ली तथा चालक के साथ मारपीट कर उसका मोबाईल भी छीन लिया। इस संबंध में मुफस्सिल के मानपुर कुम्हार टोला निवासी सुरज कुमार ने अपने दिये आवेदन के माध्यम से लूट के बारे में शनिवार को पुलिस को बताया, जिसके बाद वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित कर त्वरीत कार्रवाई शुरू कर दी गई। जिसमें छापेमारी के दरम्यान घटना को अंजाम देने वाले एक शातिर करण कुमार को उसके घर केनारचट्टी से गिरफ्तार किया गया, जिसने लूट में अपनी संलिप्तता स्वीकारी की है। उसके निशानदेही पर ऑटो एवं मोबाईल व लूट के समय इस्तेमाल की गई बाइक को बरामद किया गया है, वहीं घटना को अंजाम देने वाले अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिये छापेमारी की जा रही है।












