Sunday, March 15, 2026
HomeBiharऑक्सीजन की कमी से मरीज की मौत, परिजनों ने किया सड़क जाम

ऑक्सीजन की कमी से मरीज की मौत, परिजनों ने किया सड़क जाम

शेरघाटी।अनुमंडलीय अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी से शनिवार को एक मरीज की मौत हो गई। मृतक शुमाली मोहल्ला निवासी दुकानदार कल्लु कवाड़ी उर्फ महमूद आलम बताए जाते हैं। अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें अस्पताल लाए, जहां गंभीर स्थिति देखते हुए डॉक्टरों ने मगध मेडिकल रेफर कर दिया।

परिजन 102 एंबुलेंस से रवाना हुए, लेकिन शेरघाटी–चेरकी रोड पर प्रखंड कार्यालय के समीप ही ऑक्सीजन खत्म हो गया। कुछ ही देर में महमूद आलम की मौत हो गई। नजदीकी निजी अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना से आक्रोशित परिजनों ने एंबुलेंस को क्षतिग्रस्त कर शेरघाटी–चेरकी मुख्य मार्ग जाम कर दिया। पुलिस मौके पर पहुंची और समझा-बुझाकर जाम हटवाया। इसके बाद परिजन अस्पताल पहुंचकर हंगामा करने लगे।

मृतक के परिजन वकार अहमद ने डॉक्टरों व अस्पताल स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आए दिन ऐसी घटनाएं होती हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती। साथ ही डॉक्टरों की भारी कमी की शिकायत भी की।

घटना की जानकारी पर शेरघाटी थाना अध्यक्ष अजीत कुमार और एएसपी शैलेंद्र सिंह पहुंचे। एएसपी ने बताया कि एंबुलेंस जब्त कर ली गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। परिजनों ने लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।

शेरघाटी से रंजीत कुमार की रिपोर्ट

Most Popular

error: Content is protected !!