वजीरगंज। वजीरगंज में रविवार को समारोह आयोजित कर बिहार राज्य सवर्ण आयोग के अध्यक्ष डॉ0 महाचन्द्र प्रसाद सिंह का भव्य स्वागत किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री सह अध्यक्ष डॉ0 महाचन्द्र प्रसाद सिंह ने कहा कि आज सवर्णों का आधा से अधिक आबादी गरीबी रेखा के नीचे अपना जीवन गुजार रहा है। आयोग गठन हुए अभी मात्र दो माह हुए हैं, इस दरम्यान आयोग इसकी पड़ताल करते हुए छात्रावास बनवाने, छात्रवृति दिलवाने, नौकरियों में उम्र सीमा बढ़वाने सहित अन्य कार्य कर रहा है। हमारे नेता नरेन्द्र मोदी ने सवर्णों के लिये आगे आकर कई निर्णय लिये हैं और आगामी 22 अगस्त को वे बोधगया आ रहे हैं और पूरे विश्व का ध्यान उनपर टीका है, इसलिये उनके कार्यक्रम में आप अपने विधानसभा से खुद के प्रयास से समर्थकों को हुजूम ले जाने का प्रयास करें। उनकी यह जनसभा ऐतिहासिक होगी, जिसमें सर्वाधिक लोग सामने से उन्हें सुन व देख सकेंगे। उनके कार्यों से प्रभावित होकर पूरे विश्व आज उन्हें उच्च कोटी का नेता मान रहा है। आज पहली ऐसी सभा है जहां आमलोगों को आमंत्रण पत्र देकर बुलाया जा रहा है। आपलोगों की स्थानीय समस्या स्टेशन पर गाड़ियों का ठहराव की बात भी संबंधित पदाधिकारियों एवं मंत्रीयों से की जायगी, वहीं आपकी प्रमुख मांग वजीरगंज को अनुमंडल बनाना और एरू स्टील प्रोसेसिंग प्लांट का निर्माण कराने के लिये भी प्रयास किया जाएगा। मौके पर सवर्ण समुदाय के दर्जनों समाजसेवी व नेताओं ने समारोह को संबोधित किया।












