गयाजी । जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्रान्तर्गत ग्राम पत्तेया में गश्ती दल को एक अज्ञात वृद्ध महिला (उम्र लगभग 80 वर्ष) भटकती हुई मिली। उक्त महिला से नाम-पता पूछे जाने पर कोई स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी। सुरक्षा की दृष्टि से उन्हें थाना लाया गया तथा थाने पर सुरक्षित देखरेख में रखा गया।
महिला की पहचान सुनिश्चित करने हेतु उनके फोटोग्राफ लेकर सोशल मीडिया एवं सीमावर्ती थानों को प्रेषित किया गया।
जांच में यह तथ्य प्रकाश में आया कि उक्त वृद्ध महिला अपने घर से नाराज़ होकर निकली थीं। थाना परिसर में रहते हुए पुलिसकर्मियों के स्नेह और देखरेख में उनका इतना मन लग गया कि वे वापस जाने के लिए भी इच्छुक नहीं थीं।
इस बीच, दिनांक 21.08.2025 को ग्राम भगहर भंडार, थाना चौपारण, जिला हजारीबाग निवासी श्रीमती रिंकू देवी, पत्नी संजय प्रजापत थाना फतेहपुर पहुँचीं और उक्त वृद्ध महिला को अपनी सास श्रीमती मानती देवी, पत्नी देव प्रजापत (उम्र लगभग 80 वर्ष) के रूप में पहचान की।
सत्यापन उपरान्त वृद्ध महिला को उनके परिजन को विधिवत् सुपुर्द किया गया। परिजनों द्वारा थाना फतेहपुर पुलिस का आभार व्यक्त किया गया और उन्होंने कहा कि उनकी सास के गुम हो जाने से पूरा परिवार चिंतित था, परंतु फतेहपुर पुलिस की सक्रियता एवं संवेदनशीलता से वे पुनः सुरक्षित मिल सकीं।
यह घटना फतेहपुर पुलिस की मानवता, संवेदनशीलता एवं कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण है।












