गयाजी।भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री सह भारत सरकार के पूर्व कानून मंत्री स्वर्गीय अरुण जेटली जी की पुण्यतिथि के अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर डॉ. मिश्रा ने कहा कि अरुण जेटली जी केवल एक प्रखर नेता ही नहीं, बल्कि भारतीय राजनीति के ऐसे अद्वितीय व्यक्तित्व थे जिन्होंने अपनी दूरदर्शी सोच और कुशल नेतृत्व से देश की राजनीति, अर्थव्यवस्था और कानून व्यवस्था को नई दिशा प्रदान की।उन्होंने कहा कि अरुण जेटली जी का जीवन हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायक रहा है। आपातकाल के समय से लेकर भारतीय जनता पार्टी को सशक्त और व्यापक स्वरूप देने में उनकी भूमिका को कभी भुलाया नहीं जा सकता। संसद में उनके तर्कपूर्ण भाषण और कानून की गहरी समझ ने सदैव विपक्ष को भी प्रभावित किया। वित्त मंत्री रहते हुए उन्होंने देश की आर्थिक नीतियों को मजबूती दी और वस्तु एवं सेवा कर (GST) जैसे ऐतिहासिक सुधार लागू किए।डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने कहा कि अरुण जेटली जी का संगठन के प्रति समर्पण और जनता से जुड़ाव अद्वितीय था। वे सदैव युवा कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते रहे और हर स्तर पर संगठन को मज़बूत बनाने का कार्य किया। आज उनकी पुण्यतिथि पर हम सब संकल्प लेते हैं कि उनके आदर्शों और विचारों को आगे बढ़ाते हुए राष्ट्रहित और समाजहित में निरंतर कार्य करते रहेंगे।
श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए डॉ. मिश्रा ने कहा कि अरुण जेटली जी की कमी को कभी पूरा नहीं किया जा सकता, किंतु उनके विचार और कार्य हमें हमेशा आगे बढ़ने की प्रेरणा देते रहेंगे। भाजपा परिवार उनके योगदान को नमन करता है और उनके द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलने का संकल्प लेता है।












